Sunday, November 1, 2026

बिरादरी की ख़िदमत या शादियों की दावत? 25, 28 और 30 साल की समाजसेवा का अनोखा हिसाब-किताब! जनाज़े में ग़ायब, दावत में पूरी मंडली के साथ हाज़िर!

ख़ास रिपोर्ट | मुल्तानी समाज | उत्तर प्रदेश डेस्क

बिरादरी की ख़िदमत का दावा करना बहुत आसान है, लेकिन हक़ीक़त में बिरादरी के काम आना हर किसी के बस की बात नहीं। आजकल पश्चिमी उत्तर प्रदेश की एक तंजीम और उससे जुड़े कुछ लोगों की चर्चाएं बिरादरी के कस्बों, शहरों और गांवों में ख़ूब गर्म हैं। कहीं चाय की महफ़िल में इनका ज़िक्र है तो कहीं सोशल मीडिया के गलियारों में इनकी सरगर्मियों पर तब्सिरा हो रहा है।

बिरादरी के कुछ हज़रात तो अपनी ख़िदमत का ऐसा शानदार तआरुफ़ कराते फिरते हैं कि सुनने वाला भी सोच में पड़ जाए। कोई फ़रमाते हैं कि हमें बिरादरी की ख़िदमत करते हुए 25 साल हो गए, कोई 28 साल का तजुर्बा बताते हैं, तो कोई पूरे 30 साल की ख़िदमत का दावा पेश करते हैं। कुछ तो ऐसे भी हैं जिनकी ज़ुबानी दास्तान सुनें तो ऐसा महसूस होता है कि इनकी पैदाइश ही बिरादरी की ख़िदमत के लिए हुई थी!

मगर जनाब, सवाल यह है कि इतनी लंबी ख़िदमत का आख़िर हासिल क्या है? बिरादरी के लिए कौन से नुमायां काम किए गए, जिनका फ़ायदा आम लोगों तक पहुंचा? कितने ज़रूरतमंद परिवारों की मदद हुई? कितने ग़रीब बच्चों की तालीम का इंतज़ाम हुआ? कितने परेशानहाल घरों के दुख-दर्द में शरीक हुए? और कितने ऐसे काम हुए जिनसे बिरादरी की तालीम, तरक़्क़ी और इत्तेहाद को मज़बूती मिली?

आइए, आज इन दावों के साथ-साथ बिरादरी की ख़िदमत के एक ऐसे दिलचस्प और अनोखे तरीक़े पर भी गुफ़्तगू कर लेते हैं, जो इन दिनों ख़ास तौर पर चर्चा का मौज़ू बना हुआ है।

दावत में पूरी मंडली, मगर जनाज़े में ख़ामोशी!

बिरादरी में पिछले कुछ अरसे से एक ऐसा ख़ास गिरोह काफ़ी सरगर्म नज़र आ रहा है, जिसकी सरगर्मियों का अपना ही एक अलग अंदाज़ है। इस गिरोह का सबसे पसंदीदा मैदान किसी सामाजिक समस्या का हल निकालना, ग़रीब की मदद करना या बिरादरी के किसी ज़रूरतमंद परिवार के काम आना नहीं, बल्कि शादी-ब्याह, सगाई, रिंग सेरेमनी और दूसरी ख़ुशी की तक़रीबें बताई जाती हैं।

किसी रईसज़ादे के यहां शादी हो, किसी रसूख़दार के यहां सगाई हो या किसी बड़े कारोबारी के घर कोई ख़ुशी का मौक़ा हो, बस फिर क्या है! ख़बर मिलते ही पूरी मंडली की सरगर्मियां तेज़ हो जाती हैं। कोई गाड़ी का इंतज़ाम करता है, कोई साथियों को फ़ोन मिलाता है और देखते ही देखते पूरी टीम मैदान में उतरने के लिए तैयार हो जाती है।

दूरी चाहे 50 किलोमीटर हो या 200 किलोमीटर, दिन हो या रात, मौसम कैसा भी हो, इन ख़िदमतगारों के हौसले पस्त नहीं होते। आख़िर मामला बिरादरी की ख़िदमत का जो ठहरा!

लेकिन अफ़सोस का मुक़ाम यह है कि अगर बिरादरी के किसी आम या ग़रीब परिवार में किसी की वफ़ात हो जाए, किसी घर में मातम हो, किसी को तसल्ली और दिलासे की ज़रूरत हो, तो यही सरगर्म मंडली अक्सर नज़र नहीं आती।

पूछा जाए तो जवाब भी कम दिलचस्प नहीं मिलता— ''यार, उस दिन तो हमारी तबीयत बहुत ख़राब थी!''

अब सवाल यह है कि आख़िर इनकी तबीयत सिर्फ़ ग़म के मौक़े पर ही क्यों नासाज़ होती है? क्या ख़ुशी की दावतों में पहुंचते ही सेहत अपने आप दुरुस्त हो जाती है?

दावत में शिरकत का नाम रखा गया 'बिरादरी की मीटिंग'!

इस पूरी कहानी का सबसे दिलचस्प पहलू तो इनकी सोशल मीडिया की कारगुज़ारी है।

शादी-ब्याह की तक़रीब में पूरी मंडली एक जगह जमा होती है। कभी कुर्सियों पर इस अंदाज़ से क़ब्ज़ा जमाया जाता है जैसे किसी अहम सरकारी मीटिंग का आयोजन हो रहा हो, तो कभी सभी हज़रात एक साथ खड़े होकर ग्रुप फ़ोटो खिंचवाते नज़र आते हैं।

इसके बाद शुरू होता है असल खेल!

फ़ोटो व्हाट्सएप ग्रुपों में पहुंचती है, फेसबुक पर पोस्ट होती है और कैप्शन में बड़े एहतमाम के साथ लिखा जाता है—

''आज बिरादरी की अहम मीटिंग करते हुए!''

अब बेचारे आम बिरादरी वाले भी सोच में पड़ जाते हैं कि आख़िर यह कैसी मीटिंग थी, जिसमें न कोई एजेंडा दिखाई दिया, न कोई प्रस्ताव, न किसी सामाजिक मसले का हल निकला। बस सामने दस्तरख़्वान सजा था, कुर्सियां लगी थीं और कैमरे के सामने चेहरे मुस्कुरा रहे थे!

जनाब, अगर शादी की दावत में शिरकत करना ही बिरादरी की मीटिंग है तो फिर बिरादरी के हर शादीशुदा घर को एक तंजीम का दफ़्तर घोषित कर देना चाहिए!

फ़ोटोशूट का शौक़ है तो ख़िदमत का जज़्बा भी दिखाइए!

हमारा मक़सद किसी को शादी-ब्याह या ख़ुशी की तक़रीब में शामिल होने से रोकना नहीं है। बेशक जाइए, ख़ुशियों में शरीक होइए, तस्वीरें खिंचवाइए और उन लम्हों को यादगार बनाइए। मगर एक गुज़ारिश ज़रूर है कि फ़ोटोशूट के शौक़ में उस परिवार और दूसरे मेहमानों की सहूलियत को नज़रअंदाज़ मत कीजिए, जिनकी ख़ुशी में आप शरीक होने पहुंचे हैं।

किसी आयोजन में ग्रुप फ़ोटो खिंचवाना बुरी बात नहीं, लेकिन क्या कभी आपने सोचा कि आपके लंबे फ़ोटो सेशन और कुर्सियों पर लगातार बैठे रहने से शादी वाले घर के लोगों को कितनी परेशानी होती होगी? दूसरे मेहमान अपनी बारी का इंतज़ार कर रहे होते हैं, बुज़ुर्गों को बैठने के लिए जगह नहीं मिलती और घर के ज़िम्मेदार लोग मेहमानों की ख़िदमत में परेशान होते रहते हैं।

अगर आप वाक़ई बिरादरी के ख़िदमतगार हैं तो शादी-ब्याह में अपनी ख़िदमत का अमली नमूना भी पेश कीजिए।

  • मेहमानों को इज़्ज़त और मोहब्बत के साथ बैठाइए।
  • उन्हें खाना खिलाने में मदद कीजिए।
  • पानी और दूसरे व्यंजन मेहमानों तक पहुंचाइए।
  • जिन मेहमानों को खाने के स्टॉल तक पहुंचने में परेशानी हो, उनके पास खाना पहुंचाइए।
  • शादी के घर में मौजूद बड़े बुज़ुर्गों और माज़ूर (दिव्यांग) लोगों का ख़ास ख़्याल रखिए।
  • बुज़ुर्गों को आरामदायक कुर्सियों पर बैठाकर खाना खिलाइए।
  • किसी मेहमान को पानी या किसी दूसरी चीज़ की ज़रूरत हो तो ख़ुद आगे बढ़कर पूछिए।
  • मेज़बान परिवार पर काम का बोझ हो तो उनकी मदद कीजिए।

और हां, इन सब ख़िदमतों के दौरान अगर आपकी तस्वीरें भी खिंच जाएं तो क्या ही अच्छी बात है!

लेकिन सोशल मीडिया पर उन तस्वीरों का कैप्शन ''बिरादरी की मीटिंग'' लिखने के बजाय ''मेहमानों की ख़िदमत करते हुए'' या ''बुज़ुर्गों और ज़रूरतमंद मेहमानों की ख़िदमत का एक छोटा सा प्रयास'' लिखिए।

यक़ीन मानिए, आपकी ऐसी तस्वीरें नौजवानों को कहीं ज़्यादा बेहतर पैग़ाम देंगी। उन्हें मालूम होगा कि असल ख़िदमत किसे कहते हैं और बिरादरी की समाजसेवा का अमली तरीक़ा क्या होता है।

क्योंकि कुर्सियों पर बैठकर फ़ोटो खिंचवाने से ज़्यादा इज़्ज़त उस वक़्त मिलती है जब आप किसी बुज़ुर्ग को कुर्सी पर बैठाकर खाना खिलाते हैं!

रईसों के साथ तस्वीरें और आम लोगों पर रसूख़ का रोब!

इस मंडली की एक और दिलचस्प रवायत यह बताई जाती है कि किसी बड़े कारोबारी, दौलतमंद या रसूख़दार शख़्स के साथ तस्वीर खिंचवाना इनके लिए किसी बड़े एज़ाज़ से कम नहीं होता।

ऐसी तस्वीरों को इस अंदाज़ से पेश किया जाता है कि देखने वाला समझे कि बिरादरी के इन हज़रात के ताल्लुक़ात तो बड़े-बड़े लोगों से हैं। तस्वीरों के ज़रिए आम और सीधे-सादे लोगों को यह एहसास दिलाने की कोशिश की जाती है कि देखिए, हमारे उठने-बैठने का दायरा कितना बड़ा है और हमारा रसूख़ कितना बुलंद है!

मगर हुज़ूर, किसी अमीर के साथ तस्वीर खिंचवा लेने से कोई समाजसेवी नहीं बन जाता और न ही किसी बड़े आदमी के साथ एक दस्तरख़्वान पर बैठ जाने से बिरादरी की क़ियादत हासिल हो जाती है।

असली इज़्ज़त तो उस वक़्त मिलती है जब कोई ग़रीब, परेशानहाल और बेसहारा इंसान यह कहे कि मुश्किल वक़्त में फलां शख़्स मेरे काम आया था।

ख़िदमत के 30 साल, मगर हिसाब-किताब कहां है?

हम उन तमाम हज़रात की इज़्ज़त करते हैं जिन्होंने वाक़ई अपनी ज़िंदगी का क़ीमती हिस्सा बिरादरी की भलाई, इत्तेहाद और तरक़्क़ी के लिए वक़्फ़ किया है। ऐसे लोग हमारे लिए क़ाबिले-एहतराम हैं।

लेकिन जो लोग अपनी 25, 28 या 30 साल की ख़िदमत के क़िस्से सुनाकर अपनी अहमियत जताते हैं, उनसे अदब के साथ कुछ सवाल ज़रूर पूछे जाने चाहिए।

  1. इन वर्षों में बिरादरी के कितने ग़रीब और ज़रूरतमंद परिवारों की मदद की?
  2. कितने तलबा और तालेबात की तालीम में हिस्सा लिया?
  3. कितने नौजवानों को रोज़गार और कारोबार से जोड़ने की कोशिश की?
  4. बिरादरी में आपसी इख़्तिलाफ़ात ख़त्म कराने के लिए क्या अमली क़दम उठाए?
  5. कितने ताज़ियती मौक़ों पर आप ख़ुद जाकर ग़मज़दा परिवारों के साथ खड़े हुए?
  6. और सबसे अहम सवाल, आपकी ख़िदमत का ऐसा कौन सा काम है जिसे बिरादरी आज भी याद करती है?

क्योंकि ख़िदमत का असल पैमाना सालों की गिनती नहीं, बल्कि किए गए कामों का नतीजा होता है।

बिरादरी को फ़ोटोशूट नहीं, फ़िक्र और फ़िक्र को अमल चाहिए!

आज हमारी मुस्लिम मुल्तानी लोहार (बढ़ई) बिरादरी को ऐसे लोगों की ज़रूरत है जो सिर्फ़ तक़रीबों में नज़र आने के बजाय बिरादरी के मसाइल को समझें। जो तालीम के मैदान में काम करें, ग़रीब बेटियों की शादी में मददगार बनें, ज़रूरतमंद परिवारों का सहारा बनें, नौजवानों की रहनुमाई करें और बिरादरी में इत्तेहाद, भाईचारे और मोहब्बत को फ़रोग़ दें।

बिरादरी की ख़िदमत का मतलब यह नहीं कि हर शादी में आपकी आमद दर्ज हो, हर दावत में आपकी कुर्सी मुक़र्रर हो और हर तस्वीर में आपका चेहरा दिखाई दे।

ख़िदमत का मतलब है कि किसी घर में परेशानी आए तो आप उसके दरवाज़े पर पहुंचें। किसी के घर मातम हो तो आप उसके ग़म में शरीक हों। किसी ग़रीब को मदद चाहिए तो आप उसकी हैसियत देखकर नहीं, उसकी ज़रूरत देखकर आगे बढ़ें।

याद रखिए, शादी की दावत में शामिल होने से पेट तो भर सकता है, मगर बिरादरी की तरक़्क़ी का ख़्वाब सिर्फ़ दस्तरख़्वान पर बैठकर पूरा नहीं होता।

आख़िरी बात... अगली बार फ़ोटो के कैप्शन में ज़रा एहतियात कीजिएगा!

शादियों का सीज़न शुरू हो चुका है। लिहाज़ा आने वाले दिनों में सोशल मीडिया पर एक साथ खड़े, बैठे, मुस्कुराते और दस्तरख़्वान के इर्द-गिर्द जमा कुछ जाने-पहचाने चेहरे नज़र आएं तो हैरान मत होइएगा।

हो सकता है किसी बड़े घराने में कोई शादी हो और हमारी ख़िदमतगार मंडली वहां बिरादरी की तरक़्क़ी के किसी बेहद अहम एजेंडे पर गुफ़्तगू कर रही हो!

बस गुज़ारिश इतनी है कि अगली बार ऐसी तस्वीर के नीचे ''बिरादरी की मीटिंग'' लिखने से पहले मीटिंग का एजेंडा भी बता दीजिएगा। मसलन, कितने लोगों की मदद का फ़ैसला हुआ, कौन सा सामाजिक मसला हल हुआ और बिरादरी को क्या फ़ायदा पहुंचा?

और अगर आप शादी में जाकर मेहमानों को खाना खिला रहे हैं, बुज़ुर्गों की ख़िदमत कर रहे हैं, माज़ूर लोगों की मदद कर रहे हैं और मेज़बान परिवार का हाथ बंटा रहे हैं, तो यक़ीनन वह तस्वीर बिरादरी के नौजवानों के लिए एक मिसाल बन सकती है।

आख़िर में बस इतना ही कि दावत में मेहमान बनकर जाना आसान है, मगर मेहमानों की ख़िदमतगार बनकर लौटना असल किरदार की पहचान है।

हमारी नज़र में सच्चा ख़िदमतगार वह नहीं जिसके पास 30 साल की ख़िदमत का दावा हो, बल्कि वह है जिसके किए हुए कामों की गवाही बिरादरी के आम लोग दें।

न ख़िदमत का शोर, न रसूख़ का दिखावा, न तस्वीरों की नुमाइश... बस अमल, अख़लाक़ और बिरादरी के लिए सच्चा जज़्बा ही असल समाजसेवा है।


सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार से पंजीकृत, मुल्क की राजधानी नई दिल्ली से प्रसारित, पैदायशी इंजीनियर मुस्लिम मुल्तानी लोहार (बढ़ई) बिरादरी की मुल्क की इकलौती क़ौमी समाचार पत्रिका, न्यूज़ पोर्टल और यूट्यूब चैनल 'मुल्तानी समाज' के लिए उत्तर प्रदेश डेस्क से प्रधान संपादक ज़मीर आलम की ख़ास रिपोर्ट।

अपनी ख़बर, मज़मून (आर्टिकल), पैग़ाम, मुबारकबाद, ताज़ियती इश्तिहार, दिलचस्प वाक़ियात, तहरीर, अफ़साना (कहानी) या अपने कारोबार का इश्तिहार (विज्ञापन) क़ौमी सतह पर शाया (प्रकाशित) या प्रसारित करवाने के लिए राब्ता फ़रमाएं।

📞 9410652990
📞 8010884848

आपका एतमाद ही हमारी सबसे बड़ी ताक़त है।

'मुल्तानी समाज' — अपनी बिरादरी की आवाज़, अपनी पहचान।

No comments:

Post a Comment