Sunday, November 1, 2026

आसमान की बुलंदियों से उतरा दूल्हा रिहान मुल्तानी का शाही अंदाज़! हेलीकॉप्टर से दुल्हन माहिन को लेने बागपत पहुंची बारात, आसमान से ज़मीन तक बना चर्चा का विषय

दिल्ली से उड़ान भरकर गौरीपुर पहुंचे रिहान मुल्तानी, हेलीकॉप्टर में अपनी शरीके हयात माहिन मुल्तानी को लेकर हुए विदा | स्कॉर्पियो और ऑडी कारों के काफ़िले के साथ पहुंची बारात, मुल्तानी बिरादरी में शादी की धूम

बागपत, उत्तर प्रदेश।

किसी ने सच ही कहा है कि जब ख़ुशियों के अरमान बुलंद हों तो आसमान भी रास्ता दे देता है। कहीं शहनाइयों की गूंज थी, कहीं फूलों की ख़ुशबू और कहीं अपनों की मोहब्बत से सजा ख़ुशनुमा माहौल। लेकिन इस बार शादी का अंदाज़ कुछ ऐसा निराला रहा कि आसमान से लेकर ज़मीन तक हर तरफ़ इसी बारात के चर्चे होने लगे।

जी हां! हम बात कर रहे हैं उत्तर प्रदेश के जनपद बागपत की, जहां दिन इतवार, बा-तारीख़ 01 नवंबर 2026 को रिहान मुल्तानी अपनी शरीके हयात माहिन मुल्तानी को लेने किसी आम बाराती की तरह नहीं, बल्कि दिल्ली से हेलीकॉप्टर से उड़ान भरकर पहुंचे। आसमान की ऊंचाइयों से अपने महबूब रिश्ते की नई मंज़िल की ओर बढ़ते दूल्हे का यह अंदाज़ शादी समारोह का सबसे दिलचस्प और यादगार लम्हा बन गया।

मिली जानकारी के मुताबिक, जनाब सलीम मुल्तानी वल्द जनाब मोहम्मद लतीफ़ मुल्तानी साहब (मरहूम), निवासी ग्राम वाजिदपुर, तहसील बड़ौत, जिला बागपत, उत्तर प्रदेश एवं हाल निवासी स्वरूप नगर, दिल्ली के फ़रज़ंद रिहान मुल्तानी की शादी माहिन मुल्तानी वल्द मोहम्मद अखलाक साहब निवासी बागुवाला जिला बागपत उत्तर प्रदेश के साथ तय हुई।

इस ख़ुशनुमा मौक़े पर दूल्हे रिहान मुल्तानी और उनकी फैमिली ने बारात के सफ़र को यादगार बनाने के लिए हेलीकॉप्टर का इंतज़ाम किया। दिन के तक़रीबन 12 बजे स्वरूप नगर, दिल्ली से हेलीकॉप्टर ने गौरीपुर, जनपद बागपत के लिए उड़ान भरी और महज़ आधे घंटे के सफ़र के बाद दोपहर 12:30 बजे गौरीपुर बैंक्वेट हॉल में शानदार अंदाज़ से आमद हुई।

उधर, बारातियों का क़ाफ़िला भी किसी शाही जुलूस से कम नहीं था। तक़रीबन 200 बाराती स्कॉर्पियो और ऑडी जैसी शानदार गाड़ियों के ज़रिए बारात लेकर बसंत गार्डन, गौरीपुर, बागपत पहुंचे। एक तरफ़ आसमान में हेलीकॉप्टर की आमद और दूसरी तरफ़ ज़मीन पर गाड़ियों का शानदार क़ाफ़िला, इस नज़ारे ने शादी की रौनक़ में चार चांद लगा दिए।

आसमान से आई बारात, हेलीकॉप्टर में हुई दुल्हन की विदाई!

इस पूरे आयोजन का सबसे ख़ास और दिल को छू लेने वाला लम्हा उस वक़्त आया, जब अपनी शरीके हयात माहिन मुल्तानी को साथ लेकर रिहान मुल्तानी ने हेलीकॉप्टर से विदाई की तैयारी की।

दोपहर ठीक 3 बजकर 20 मिनट पर हेलीकॉप्टर ने गौरीपुर से दिल्ली की वापसी की उड़ान भरी और 3 बजकर 50 मिनट पर रिहान मुल्तानी अपनी दुल्हन माहिन मुल्तानी के साथ अपने घर दिल्ली पहुंच गए।

यह सिर्फ़ एक हवाई सफ़र नहीं, बल्कि दो परिवारों की ख़ुशियों, मोहब्बत और नए रिश्ते की शुरुआत का एक ऐसा यादगार लम्हा था, जिसकी यादें लंबे अरसे तक दोनों परिवारों और इस शादी में शरीक होने वाले मेहमानों के दिलों में महफ़ूज़ रहेंगी।

अब 03 नवंबर को दिल्ली में सजेगी वलीमे की महफ़िल!

इस यादगार शादी के बाद अब अगला ख़ास मौक़ा वलीमे की दावत का है। दिन मंगल, बा-तारीख़ 03 नवंबर 2026 को ब्रिस्टल फार्म, बकौली गाँव, बख़्तावरपुर रोड, अलीपुर, दिल्ली-110036 पर वलीमे की शानदार दावत का एहतिमाम किया जाएगा।

आज किसी वजह से इस आलीशान शादी में शरीक न हो पाने वाले कई मेहमानों के बीच भी इस बारात की ख़ूब चर्चा हो रही है। शादी के इस दिलचस्प अंदाज़ के चर्चे सुनकर अब मेहमान वलीमे की दावत में शिरकत करने के लिए बेहद पुरजोश नज़र आ रहे हैं।

दूल्हा-दुल्हन के लिए ख़ास दुआएं

मुल्तानी समाज राष्ट्रीय समाचार पत्रिका की पूरी टीम की जानिब से दूल्हा रिहान मुल्तानी और दुल्हन माहिन मुल्तानी को शादी की दिली मुबारकबाद।

अल्लाह तआला इस नए रिश्ते को हमेशा सलामत रखे, दोनों के दरमियान मोहब्बत, उल्फ़त, इज़्ज़त और वफ़ा क़ायम रखे। ज़िंदगी का हर आने वाला दिन ख़ुशियों से रोशन हो, हर क़दम पर कामयाबी मिले और दोनों परिवारों में हमेशा रहमतों और बरकतों का नुज़ूल होता रहे।

माशाअल्लाह! अल्लाह इस ख़ूबसूरत जोड़ी को हर बुरी नज़र, हसद और बला से महफ़ूज़ रखे। किसी की नज़र न लगे। दोनों का साथ उम्रभर बना रहे और यह जोड़ी हमेशा आबाद रहे। आमीन या रब्बुल आलमीन!


सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार से पंजीकृत, मुल्क की राजधानी नई दिल्ली से प्रसारित, पैदायशी इंजीनियर मुस्लिम मुल्तानी लोहार (बढ़ई) बिरादरी की मुल्क की इकलौती क़ौमी समाचार पत्रिका, न्यूज़ पोर्टल एवं यूट्यूब चैनल 'मुल्तानी समाज' के लिए उत्तर प्रदेश डेस्क से प्रधान संपादक ज़मीर आलम की ख़ास रिपोर्ट।

अपनी ख़बरें और पैग़ाम क़ौमी सतह पर प्रकाशित एवं प्रसारित करवाएं।

अगर आप भी अपनी ख़बर, मज़मून (आर्टिकल), पैग़ाम, मुबारकबाद, ताज़ियती इश्तिहार, दिलचस्प वाक़ियात, तहरीर, अफ़साना (कहानी) या अपने कारोबार का विज्ञापन क़ौमी सतह पर शाया (प्रकाशित) या प्रसारित करवाना चाहते हैं, तो बराए मेहरबानी नीचे दिए गए नंबरों पर राब्ता फ़रमाएं।

📞 9410652990
📞 8010884848

आपका एतमाद ही हमारी सबसे बड़ी ताक़त है।

"मुल्तानी समाज" — अपनी बिरादरी की आवाज़, अपनी पहचान।

No comments:

Post a Comment