ज़मीर आलम, प्रधान संपादक | मुल्तानी समाज | थानाभवन (जनपद शामली), उत्तर प्रदेश
थानाभवन कस्बे से एक ऐसी दर्दनाक खबर सामने आई है जिसने हर संवेदनशील दिल को ग़मगीन कर दिया। लगातार हो रही बारिश ने एक खुशहाल परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ दीं। एक आरा मशीन पर बना टिन शेड और उससे लगी दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसके मलबे में एक पिता अपने दो बेटों के साथ दब गया। इस हादसे में पिता की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दोनों बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान शाहिद पुत्र यूनुस (49 वर्ष) निवासी थानाभवन के रूप में हुई है। हादसे के वक्त शाहिद अपने दो बेटों अरमान (17 वर्ष) और नोमान उर्फ लुलु (15 वर्ष) के साथ मौजूद थे। अचानक टिन शेड और दीवार गिरने से तीनों मलबे में दब गए। हादसे की आवाज़ सुनते ही आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े और बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों की कोशिशों से तीनों को मलबे से बाहर निकाला गया और तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने शाहिद को मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों बेटों का इलाज जारी है। परिवार पर टूटा यह दुखों का पहाड़ पूरे इलाके में शोक का विषय बना हुआ है। हर आंख नम है और हर जुबान से मरहूम की मग़फ़िरत तथा घायल बेटों की जल्द से जल्द शिफ़ा के लिए दुआएं निकल रही हैं।थाना भवन पुलिस निरीक्षक बिजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में लगातार बारिश के कारण टिन शेड और दीवार के कमजोर होकर गिरने को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
हालांकि, एक प्रत्यक्षदर्शी ने नाम प्रकाशित न करने की शर्त पर दावा किया कि हादसा उस समय हुआ जब टिन शेड की मरम्मत का कार्य चल रहा था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है, ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि लगातार बारिश के दौरान जर्जर भवनों, कमजोर दीवारों और पुराने टिन शेडों के नीचे कार्य करना कितना जोखिम भरा हो सकता है। ऐसे मौसम में सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक सावधानियां अपनाना अत्यंत आवश्यक है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।इन्ना लिल्लाहि व इन्ना इलैहि राजिऊन।
अल्लाह तआला मरहूम शाहिद की मग़फ़िरत फरमाए, उनकी क़ब्र को रौशन करे, उन्हें जन्नतुल फिरदौस में आला मकाम अता फरमाए और उनके अहल-ए-ख़ाना को सब्र-ए-जमील अता फरमाए। साथ ही घायल दोनों बेटों को जल्द मुकम्मल शिफ़ा-ए-कामिला अता फरमाए। आमीन।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा पंजीकृत, देश की राजधानी दिल्ली से प्रसारित, पैदायशी इंजीनियर मुस्लिम मुल्तानी लोहार-बढ़ई बिरादरी की देश की इकलौती राष्ट्रीय समाचार पत्रिका/न्यूज़ पोर्टल/यूट्यूब चैनल "मुल्तानी समाज" के लिए थानाभवन, जनपद शामली (उत्तर प्रदेश) से प्रधान संपादक ज़मीर आलम की ख़ास रिपोर्ट।
यदि आप भी अपनी कोई खबर, लेख, संदेश, किस्से, कहानियां या विज्ञापन प्रकाशित/प्रसारित कराना चाहते हैं, तो संपर्क करें:
📞 9410652990
📞 8010884848
No comments:
Post a Comment