शुक्रवार, 13 नवंबर 2026

मुल्क भर में धूमधाम से मनाया गया जश्ने ‘मुल्तानी-डे’, नौजवानों से लेकर बुजुर्गों तक दिखा बेपनाह जोश और जज़्बा, सोशल मीडिया पर छाईं जश्न की तस्वीरें और वीडियो


नई दिल्ली/उत्तर प्रदेश।

मुल्क भर में 12 नवंबर को मुस्लिम मुल्तानी लोहार (बढ़ई) बिरादरी के लोगों ने अपने क़ौमी इत्तेहाद, सामाजिक पहचान, तारीखी विरासत और बिरादरी से मोहब्बत के जज़्बे के साथ जश्ने ‘मुल्तानी-डे’ मनाया। इस मौक़े पर अलग-अलग शहरों और इलाक़ों से नौजवानों, ख्वातीन, अधेड़ उम्र के लोगों और बुजुर्गों में ख़ास उत्साह देखने को मिला। बिरादरी के लोगों ने अपने-अपने अंदाज़ में इस दिन की खुशियां मनाईं और जश्न की तस्वीरें एवं वीडियो सोशल मीडिया के ज़रिये एक-दूसरे तक पहुंचाए।

मुल्क के मुख़्तलिफ़ हिस्सों से प्राप्त वीडियो और तस्वीरों को देखकर ‘मुल्तानी समाज’ राष्ट्रीय समाचार पत्रिका के पदाधिकारियों में भी ख़ुशी की लहर दौड़ गई। ख़ास बात यह रही कि इस जश्न में सिर्फ़ नौजवान ही नहीं, बल्कि बुजुर्गों और ख्वातीन ने भी बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी दर्ज कराई। इससे साफ़ ज़ाहिर हुआ कि बिरादरी की नई नस्ल अपनी सामाजिक पहचान और पुरखों की विरासत से जुड़ने के लिए कितनी पुरजोश है।

आखिर क्यों मनाया जाता है ‘मुल्तानी-डे’ और कौन मनाता है?

‘मुल्तानी-डे’ महज़ एक तारीख़ या जश्न का नाम नहीं, बल्कि मुस्लिम मुल्तानी लोहार (बढ़ई) बिरादरी की सामूहिक पहचान, आपसी मोहब्बत, इत्तेहाद, भाईचारे और सामाजिक जागरूकता का एक ख़ास पैग़ाम है।

यह दिन उन तमाम परिवारों और लोगों को अपनी जड़ों से जुड़ने का मौक़ा देता है, जो मुल्तानी बिरादरी की तारीखी, सांस्कृतिक और ख़ानदानी विरासत से अपना रिश्ता रखते हैं। इसका मक़सद बिरादरी के लोगों को एक-दूसरे के क़रीब लाना, नई नस्ल को अपने बुजुर्गों और पुरखों की पहचान से रूबरू कराना, समाज में तालीम की अहमियत को बढ़ावा देना, आपसी ताल्लुक़ात मज़बूत करना और सामाजिक तरक़्क़ी के लिए मिल-जुलकर काम करने का जज़्बा पैदा करना है।

मुस्लिम मुल्तानी लोहार (बढ़ई) बिरादरी के वे तमाम अफ़राद, ख़ानदान और परिवार जो अपनी इस सामाजिक पहचान से जुड़ाव रखते हैं, इस दिन को अपने-अपने शहरों, क़स्बों और गांवों में मना सकते हैं। इसमें किसी एक शहर, ख़ानदान, उम्र या ओहदे की पाबंदी नहीं है। नौजवान, बुजुर्ग, ख्वातीन और बच्चे सभी इस जश्न का हिस्सा बनकर अपनी बिरादरी से मोहब्बत का इज़हार करते हैं।

दरअसल, किसी भी क़ौम की असल ताक़त उसका इत्तेहाद, उसकी तालीम, उसकी तहज़ीब और अपनी पहचान के प्रति उसका एहसास होता है। ‘मुल्तानी-डे’ इसी सोच को आगे बढ़ाने का एक सामाजिक ज़रिया है।

12 नवंबर की तारीख़ का है अपना एक ख़ास ताल्लुक़

ग़ौरतलब है कि ‘मुल्तानी समाज’ राष्ट्रीय समाचार पत्रिका का पंजीकरण 12 नवंबर 2013 को हुआ था। इसी तारीख़ को यादगार बनाते हुए 12 नवंबर को जश्ने ‘मुल्तानी-डे’ के तौर पर मनाने की परंपरा को आगे बढ़ाया गया। इस दिन का रिश्ता बिरादरी की अपनी क़ौमी समाचार पत्रिका और सामूहिक पहचान से भी जुड़ा हुआ है।

मगर इस साल मुल्तानी समाज चैरिटेबल ट्रस्ट के ओहदेदारों के नज़दीकी रिश्तेदारों में लगातार तीन दिनों तक कई इंतक़ाल हो जाने की वजह से ट्रस्ट के ज़िम्मेदारान फ़ितरी तौर पर ग़म और अफ़सोस की कैफ़ियत में रहे। ऐसे हालात में 12 नवंबर को आयोजित किए जाने वाले प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर फ़िक्र पैदा हुई।

इसी के मद्देनज़र ट्रस्ट के ज़िम्मेदारों ने तय किया कि इस महीने ही किसी दूसरी मुनासिब तारीख़ पर जश्ने ‘मुल्तानी-डे’ के औपचारिक कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी, ताकि सभी लोग बेहतर इंतज़ाम के साथ इसमें शरीक हो सकें।

हालांकि, शाम होते-होते मुल्क के मुख़्तलिफ़ शहरों से बिरादरी के लोगों ने अपने स्तर पर 12 नवंबर को मुल्तानी-डे मनाने की तस्वीरें और वीडियो भेजना शुरू कर दिए। ये तमाम वीडियो और तस्वीरें ‘मुल्तानी समाज’ राष्ट्रीय समाचार पत्रिका एवं मुल्तानी समाज चैरिटेबल ट्रस्ट के राष्ट्रीय सदर जनाब मोहम्मद आलम साहब के व्हाट्सएप पर लगातार पहुंचती रहीं।

बिरादरी के इस बेपनाह जोश, मोहब्बत और अपनेपन को देखकर ट्रस्ट एवं पत्रिका के ज़िम्मेदारान बेहद ख़ुश हुए।

हर शहर की ख़ुशियां अब पहुंचेंगी पूरे मुल्क तक

‘मुल्तानी समाज’ राष्ट्रीय समाचार पत्रिका को मुल्क भर से प्राप्त हुईं जश्ने ‘मुल्तानी-डे’ की तमाम तस्वीरों और वीडियो को समाचार के रूप में प्रकाशित एवं प्रसारित करने की तैयारी की जा रही है, ताकि बिरादरी के हर शहर, हर क़स्बे और हर ख़ानदान की ख़ुशियां पूरे मुल्क तक पहुंच सकें।

पत्रिका का मक़सद है कि बिरादरी का कोई भी इलाक़ा, कोई भी परिवार और कोई भी ख़ुशी एक-दूसरे से अनजान न रहे। सोशल मीडिया के इस दौर में तस्वीरों और वीडियो के ज़रिये दूर-दराज़ रहने वाले लोग भी एक-दूसरे के जश्न में शरीक हो रहे हैं। यह आपसी राब्ते और सामाजिक एकजुटता की एक अच्छी मिसाल है।

‘मुल्तानी समाज’ की ओर से उन तमाम लोगों का दिल की गहराइयों से शुक्रिया अदा किया जाता है, जिन्होंने अपने शहर और इलाक़े में जश्ने ‘मुल्तानी-डे’ मनाकर इसकी तस्वीरें एवं वीडियो साझा किए।

हमारी पहचान, हमारा इत्तेहाद और हमारी आने वाली नस्लें

आज ज़रूरत इस बात की है कि बिरादरी के लोग सिर्फ़ जश्न तक महदूद न रहें, बल्कि तालीम, कारोबार, रोज़गार, सामाजिक सुधार, ख़वातीन की भागीदारी, नौजवानों की रहनुमाई और ज़रूरतमंद परिवारों की मदद के लिए भी एक-दूसरे का हाथ थामें।

हमारी आने वाली नस्लें अपनी तारीख़, अपने बुजुर्गों की मेहनत, अपने ख़ानदानी हुनर और अपनी सामाजिक पहचान से वाक़िफ़ रहें। यही किसी भी समाज की असल तरक़्क़ी और कामयाबी की बुनियाद है।

जश्ने ‘मुल्तानी-डे’ का पैग़ाम भी यही है कि हम अपनी पहचान पर फ़ख़्र करें, एक-दूसरे का एहतराम करें और इल्म, इत्तेहाद तथा ख़िदमत के रास्ते पर आगे बढ़ें।

अपनी ख़बर पूरे मुल्क तक पहुंचाएं

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार से पंजीकृत, मुल्क की राजधानी नई दिल्ली से प्रकाशित एवं प्रसारित, पैदायशी इंजीनियर मुस्लिम मुल्तानी लोहार (बढ़ई) बिरादरी की क़ौमी समाचार पत्रिका, न्यूज़ पोर्टल एवं यूट्यूब चैनल ‘मुल्तानी समाज’ के लिए उत्तर प्रदेश डेस्क से प्रधान संपादक ज़मीर आलम की ख़ास रिपोर्ट।

अगर आप भी अपनी ख़बर, मज़मून (आर्टिकल), पैग़ाम, मुबारकबाद, ताज़ियती इश्तिहार, दिलचस्प वाक़ियात, तहरीर, अफ़साना (कहानी) या अपने कारोबार का इश्तिहार (विज्ञापन) क़ौमी सतह पर शाया (प्रकाशित) या प्रसारित करवाना चाहते हैं, तो नीचे दिए गए नंबरों पर राब्ता फ़रमाएं।

📞 9410652990

📞 8010884848

आपका एतमाद ही हमारी सबसे बड़ी ताक़त है।

‘मुल्तानी समाज’ — अपनी बिरादरी की आवाज़, अपनी पहचान।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

कृपया समाचार से संबंधित अपनी प्रतिक्रिया शालीन एवं सभ्य भाषा में दें। किसी भी व्यक्ति, समुदाय या संस्था के विरुद्ध अपमानजनक, भ्रामक, धार्मिक विद्वेष फैलाने वाली अथवा आपत्तिजनक टिप्पणी न करें। सभी टिप्पणियां संपादकीय नियमों के अनुसार जांच के बाद प्रकाशित की जाएंगी।