नई दिल्ली। पैदायशी इंजीनियर मुस्लिम मुल्तानी लोहार (बढ़ई) बिरादरी की एकता, तालीम, तरक़्क़ी, सामाजिक बेदारी और नुमाइंदगी के लिए राष्ट्रीय सतह पर अपनी अलग पहचान रखने वाली देश की प्रमुख तंजीम 'मुल्तानी समाज चैरिटेबल ट्रस्ट (रजिस्टर्ड ऑल इंडिया)' में एक अहम संगठनात्मक फैसला लिया गया है। ट्रस्ट के संस्थापक एवं फाउंडर ज़मीर आलम मुल्तानी ने बिरादरी के जिम्मेदारान और बुजुर्गों की राय-मशविरे के बाद पूर्व राष्ट्रीय चेयरमैन जनाब मोहम्मद आलम साहब पर एक बार फिर भरोसा जताते हुए उन्हें आगामी पाँच वर्षों के लिए राष्ट्रीय चेयरमैन की जिम्मेदारी सौंपी है।
मोहम्मद आलम साहब को दोबारा राष्ट्रीय चेयरमैन नियुक्त किए जाने की खबर से मुल्तानी लोहार (बढ़ई) बिरादरी में खुशी की लहर दौड़ गई है। बिरादरी के जिम्मेदारों, सामाजिक रहनुमाओं और तंजीम से जुड़े लोगों की ओर से उन्हें मुबारकबाद पेश किए जाने का सिलसिला जारी है। इस फैसले को तंजीम के संगठनात्मक इस्तेहकाम, आपसी इत्तेहाद और बिरादरी की सामूहिक रहनुमाई के लिहाज से एक अहम कदम माना जा रहा है।
पाँच साल की नई जिम्मेदारी, एक नवंबर से होगा आग़ाज़
गौरतलब है कि इससे पहले राष्ट्रीय चेयरमैन का कार्यकाल तीन वर्ष निर्धारित था, लेकिन इस बार तंजीम ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, राष्ट्रीय स्तर पर उसकी गतिविधियों को विस्तार देने तथा बिरादरी के सामाजिक और तालीमी मसाइल पर तवज्जो देने के मकसद से चेयरमैन का कार्यकाल बढ़ाकर पाँच वर्ष कर दिया है।
जारी जानकारी के मुताबिक, जनाब मोहम्मद आलम साहब का नया कार्यकाल 01 नवंबर 2026 से 31 अक्टूबर 2031 तक रहेगा। इस दौरान वह राष्ट्रीय चेयरमैन के तौर पर ट्रस्ट की संगठनात्मक सरगर्मियों की रहनुमाई करेंगे और बिरादरी को एक मजबूत प्लेटफॉर्म पर मुत्तहिद करने की जिम्मेदारी निभाएंगे।
संस्थापक ज़मीर आलम मुल्तानी ने सौंपी अहम संगठनात्मक जिम्मेदारियां
ट्रस्ट के संस्थापक ज़मीर आलम मुल्तानी ने नवनियुक्त राष्ट्रीय चेयरमैन मोहम्मद आलम साहब को उनकी नई जिम्मेदारी के साथ कुछ अहम संगठनात्मक निर्देश भी दिए हैं।
संस्थापक की ओर से उन्हें एक माह के भीतर राष्ट्रीय कार्यकारिणी के गठन और विभिन्न प्रदेशों के चेयरमैन की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि मुल्क के मुख्तलिफ राज्यों में तंजीम के संगठनात्मक ढांचे को व्यवस्थित और मजबूत किया जा सके।
इसके साथ ही उन्हें ट्रस्ट की राष्ट्रीय समाचार पत्रिका 'मुल्तानी समाज' के सालाना राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारियां शुरू करने का भी जिम्मा दिया गया है। इस राष्ट्रीय अधिवेशन को ट्रस्ट की ओर से 'मुल्तानी-डे' के नाम से मनाया जाता है, जो बिरादरी की पहचान, तारीख़, तहज़ीब, इत्तेहाद और सामाजिक बेदारी को समर्पित एक अहम आयोजन है।
राष्ट्रीय चेयरमैन के सामने अब सबसे पहली प्राथमिकता राष्ट्रीय कार्यकारिणी का गठन, प्रदेश स्तर पर संगठन का विस्तार और आगामी मुल्तानी-डे राष्ट्रीय अधिवेशन को कामयाब बनाने की होगी।
बिरादरी की एकता और तरक़्क़ी के लिए नई उम्मीदें
मुल्तानी समाज चैरिटेबल ट्रस्ट का मकसद मुस्लिम मुल्तानी लोहार (बढ़ई) बिरादरी को एक ऐसा राष्ट्रीय मंच मुहैया कराना है, जहां बिरादरी के तालीमी, समाजी, मआशी और संगठनात्मक मसाइल को आवाज़ मिल सके। तंजीम की कोशिश है कि बिरादरी के नौजवानों को आगे बढ़ने के मौके मिलें, बच्चों की तालीम को फरोग मिले, जरूरतमंद परिवारों की मदद हो और देशभर में फैले बिरादरी के लोगों के बीच आपसी राब्ता और इत्तेहाद मजबूत हो।
मोहम्मद आलम साहब को लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय चेयरमैन की जिम्मेदारी मिलना उनके प्रति जताए गए भरोसे और तंजीम की आगे की संगठनात्मक उम्मीदों को भी जाहिर करता है।
बिरादरी के लोगों को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में राष्ट्रीय कार्यकारिणी को नई ऊर्जा मिलेगी, प्रदेशों में संगठनात्मक गतिविधियों को रफ्तार मिलेगी और मुल्तानी समाज चैरिटेबल ट्रस्ट अपनी समाजी एवं फलाही जिम्मेदारियों को और बेहतर अंदाज में अंजाम देगा।
मुबारकबाद और नेक ख्वाहिशात का सिलसिला
इस मौके पर बिरादरी के तमाम जिम्मेदारान और अहले-ख़ैर की जानिब से जनाब मोहम्मद आलम साहब को नई जिम्मेदारी की दिली मुबारकबाद पेश की जा रही है। दुआ है कि अल्लाह तआला उन्हें सेहत, हौसला, हिकमत और नेक नीयती के साथ इस अमानत को निभाने की तौफीक अता फरमाए।
क्योंकि किसी भी तंजीम की असल ताकत उसका ओहदा नहीं, बल्कि उसकी नीयत, अमल, इत्तेहाद और बिरादरी के लिए की जाने वाली बे-लौस खिदमत होती है।
उम्मीद की जानी चाहिए कि आने वाले पाँच वर्षों में मुल्तानी समाज चैरिटेबल ट्रस्ट नई मिसालें कायम करेगा और पैदायशी इंजीनियर मुस्लिम मुल्तानी लोहार (बढ़ई) बिरादरी की आवाज़ को राष्ट्रीय सतह पर और अधिक मजबूती के साथ बुलंद करेगा।
अल्लाह तआला इस तंजीम को तरक़्क़ी अता फरमाए और बिरादरी के दरमियान मोहब्बत, इत्तेहाद और भाईचारे को हमेशा कायम रखे। आमीन।
विशेष रिपोर्ट | उत्तर प्रदेश डेस्क
अज़हर खान
उप - संपादक
राष्ट्रीय समाचार पत्रिका, न्यूज़ पोर्टल एवं यूट्यूब चैनल
'मुल्तानी समाज'
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार से पंजीकृत, देश की राजधानी नई दिल्ली से प्रकाशित एवं प्रसारित, पैदायशी इंजीनियर मुस्लिम मुल्तानी लोहार (बढ़ई) बिरादरी को समर्पित राष्ट्रीय समाचार मंच।
अपनी बिरादरी की आवाज़ को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाएं
अगर आप भी अपनी कोई खबर, मज़मून (आर्टिकल), पैग़ाम, मुबारकबाद, ताज़ियती इश्तिहार, दिलचस्प वाक़ियात, तहरीर, अफ़साना (कहानी) या अपने कारोबार का विज्ञापन राष्ट्रीय सतह पर शाया और प्रसारित करवाना चाहते हैं, तो नीचे दिए गए नंबरों पर राब्ता फरमाएं।
📞 9410652990
📞 8010884848
आपका एतमाद ही हमारी सबसे बड़ी ताक़त है।
'मुल्तानी समाज' — अपनी बिरादरी की आवाज़, अपनी पहचान।
No comments:
Post a Comment